जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन मोहर्रम पर्व वाले दिन स्थानीय नगर के व्यस्त टरननगंज बाजार में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली कालपी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बिबेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सदर बाजार निवासी वादी अर्जुन प्रसाद मौर्य पुत्र रामखेलावन मौर्य ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए अवगत कराया है कि 26-06- 2026 को शाम करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी सावित्री मौर्य के साथ टरननगंज बाजार स्थित केनरा बैंक के सामने सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आए और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए।पीड़ित के अनुसार लूटी गई चेन का वजन करीब दो तोला तथा कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने भी आरोपियों की तलाश शुरू की। शिकायत के आधार पर कोतवाली कालपी पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
