सिरसाकलार पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी/जालौन सिरसा कलार थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्टार्टर, कूटरचित नंबर प्लेट, चोरी करने के उपकरण और एक अवैध चाकू बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी की योजना बना रहे थे, तभी उन्हें बाबई रोड पर ग्राम दमरास की ओर झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक डा. ईशान सोनी एवं क्षेत्राधिकारी जालौन के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सिरसाकलार वरुण प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में 27 जुलाई 2026 को की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष कुमार पुत्र सुनील कुमार, निवासी ग्राम सहजादपुरा, थाना कोतवाली जालौन, उम्र करीब 23 वर्ष और गौरव कुमार उर्फ बेटू पुत्र गंगाप्रसाद, निवासी ग्राम पड़ी, थाना कालपी, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से L&T कम्पनी का MU-G20 स्टार्टर, एक HF Deluxe मोटरसाइकिल, जिस पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी, तथा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों में पेचकस, लोहे की आरी ब्लेड, छह एलएन की, तार कटर, प्लास और लोहे की सब्बलनुमा रॉड शामिल हैं। इसके अलावा एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक बरामद स्टार्टर थाना जालौन में दर्ज चोरी के मुकदमे और मोटरसाइकिल कोतवाली उरई में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना सिरसाकलार में चोरी, कूटरचना समेत संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें नशे और जुआ खेलने की लत है और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे घूम-घूमकर रेकी करते थे और चोरी के दौरान बचाव तथा हमला करने के लिए अपने पास अवैध चाकू रखते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उरई मेडिकल कॉलेज से मोटरसाइकिल और जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम माड़री से स्टार्टर चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी चोरी और राहगीरों से लूट की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी न्यामतपुर उपनिरीक्षक शिवमंगल सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र और चालक त्रिलोकीनाथ शामिल रहे।

Leave a Reply