ओवरब्रिज अंडरपास की टूटी स्लैब का एडीएम की टीम ने किया निरीक्षण

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी /जालौन कालपी नगर स्थित फुलपावर चौराहे के हाईवे ओवरब्रिज अंडरपास में छत की स्लैब गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेमचंद मौर्य के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं इंजीनियरों से जवाब-तलब करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शीघ्र पूरी कर यातायात सुचारु करने के निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि फुलपावर चौराहे स्थित अंडरपास की छत की स्लैब एक माह के भीतर दो बार गिर चुकी है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेमचंद मौर्य के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेमचंद मौर्य के साथ उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार मौजूद रहे। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग की कार्यदायी संस्था के मुख्य प्रबंधक उत्तम सिंह एवं इंजीनियर इरफान सिद्दीकी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

जांच समिति ने इंजीनियरों से पूछा कि क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत कब तक पूरी होगी। इस पर मुख्य प्रबंधक उत्तम सिंह ने बताया कि चार से पांच दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर अंडरपास को पुनः सुचारु रूप से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

जांच टीम ने यह भी सवाल उठाया कि मात्र पांच वर्ष पुराने अंडरपास की छत आखिर कैसे क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों ने बताया कि निर्माण कार्य पूर्व की कार्यदायी संस्था द्वारा कराया गया था। समिति ने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा अन्य अंडरपासों की भी तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

फोटो – अंडरपास की टूटी स्लैब का निरीक्षण करते एडीएम व अन्य अधिकारी, साथ में इंजीनियर

Leave a Reply