जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन स्थानीय नगर में हाल के दिनों में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की तीन वारदातों को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही नगर में अस्थायी रूप से रह रहे घूमंतू समुदाय के लोगों का सत्यापन करने के अभियान भी चलाने की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के पुराने नुमाइश मैदान, खानकाह शरीफ के पास तथा रेलवे स्टेशन के निकट सहित कई स्थानों पर घूमंतू परिवारों ने अस्थायी डेरे डाल रखे हैं। इन डेरों में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे निवास करते हैं। जागरूक नागरिकों का मानना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इन डेरों में रहने वाले लोगों का सत्यापन आवश्यक है। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नगर के व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों तथा सार्वजनिक स्थानों पर भी जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।उन्होंने बताया कि अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पुलिस सक्रियता के साथ करेगी। साथ ही नागरिकों से भी किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
सीओ राजेश कमल ने कहा कि हाल ही में वाहन चालकों से रंगदारी वसूलने वाले तीन बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले दिनों नगर में हुई चोरी की तीनों घटनाओं का भी शीघ्र खुलासा कर वास्तविक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
फोटो: सीओ कालपी राजेश कमल।
