Loading market...

सिंचाई बंधुओं की बैठक में किसानों ने उठाईं समस्याएं, निस्तारण की मांग

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

उरई जालौन

 

उरई (जालौन) शहर के जालौन रोड स्थित नहर निरीक्षण भवन के सभागार में सिंचाई बंधुओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने भाग लेकर सिंचाई से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। किसानों ने समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराए जाने की मांग की।

बैठक के दौरान किसानों ने नहरों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता, नहरों की साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त नहर एवं माइनरों की मरम्मत सहित सिंचाई व्यवस्था से संबंधित कई मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे। किसानों का कहना था कि समय पर सिंचाई की समुचित व्यवस्था न होने से उन्हें फसलों की सिंचाई में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों और माइनरों की नियमित सफाई एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि टेल तक पानी पहुंच सके और किसानों को निजी साधनों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग उठाई। बैठक में अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के निस्तारण का भरोसा दिलाया। साथ ही सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही। बैठक में किसानों के अलावा सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply