जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन सोमवार को तहसील सभाकक्ष में एसडीएम विनय कुमार मौर्य की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 16 शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें सबसे अधिक आठ मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस विभाग से जुड़े तीन मामले शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर चार शिकायतों का निस्तारण किया।
समाधान दिवस में एसडीएम विनय कुमार मौर्य, तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा तथा नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, चंद्र मोहन शुक्ला एवं प्रिंस सिंह राजपूत ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। ग्राम प्रधान जौराखेड़ा चंद्रभूषण सिंह ने गांव नमामें गंगे योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी से अब तक पानी की आपूर्ति शुरू न होने की शिकायत की। ग्राम जमरेही निवासी रामकिशन तोमर ने आम रास्ते पर विपक्षियों द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे की शिकायत की।ग्राम सुरौला निवासी नरसिंह ने देवपुरा पुलिस चौकी का अधूरा निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। वहीं ग्राम तुर्की निवासी कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने गौशाला परिसर में उगी झाड़ियों को हटवाने की मांग रखी। कल्लू आदि ने ग्राम निभाना में चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मोहल्ला राजघाट कालपी निवासी बृजेश कुमार रायकवार ने विपक्षियों द्वारा खुलेआम लैट्रिन का गंदा पानी बहाए जाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की नई गाइडलाइन के अनुरूप सभी शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।इस मौके पर राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, सुरेश कुमार, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता प्रवीण कुमार मौर्य, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान, जल संस्थान के अवर अभियंता वासित अली, वन विभाग के दरोगा मन्ना सिंह, प्रेम कुमार पाण्डेय, हर्ष सोनी, लेखपाल जितेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह निरंजन, स्टेनो सलीम खान, तहसील के प्रशासनिक अधिकारी धीरज पुरवार सहित कालपी कोतवाली के उपनिरीक्षक तथा कदौरा, आटा और चुर्खी थानों के थानाध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो— तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी
