जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/ जालौन आगामी बारावफात एवं रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को कालपी में चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कटियार की अगुवाई में टीम ने तीन प्रतिष्ठानों से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे।
उल्लेखनीय हो कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय टीम दिनभर सक्रिय रही। टीम ने कालपी के मुख्य बाजार टरननगंज स्थित एक होटल से दूध का नमूना लिया। इसके अलावा सदर बाजार बजरिया स्थित अखिलेश पोरवाल की दुकान तथा संदीप कुमार की दुकान से भी दूध के नमूने भरे गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कटियार ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। तहसील क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में भी निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो – दूध का सैंपल भरते खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कटियार
