Loading market...

20 घंटे की झमाझम बारिश से गांवों में गिरे कच्चे मकान

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन करीब 20 घंटे तक लगातार हुई झमाझम बारिश से तहसील क्षेत्र के कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं तहसील क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में कच्चे मकानों के आंशिक रूप से गिरने की खबर सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपालों एवं राजस्व कर्मचारियों की टीमों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया।

विदित हो कि मंगलवार की दोपहर से शुरू हुआ मानसूनी बारिश का सिलसिला बुधवार तक जारी रहा। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही कई स्थानों पर जलभराव हो गया। बारिश की चपेट में तहसील क्षेत्र के आटा, भेड़ी खुर्द तथा दादूपुर गांव में कच्चे मकानों के आंशिक रूप से गिरने की जानकारी सामने आई है।

 

तहसीलदार श्रीष कुमार मिश्रा ने बताया कि मकान गिरने की घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या धनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय लेखपालों एवं राजस्व कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें संम्बंधित गांवों में भेजी गई हैं। मौके से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उधर लगातार बारिश से खेतों में जलभराव होने के कारण तिल की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि खेतों में पानी भर जाने से फसल चौपट होने की आशंका बढ़ गई है।

 

 

Leave a Reply