अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
उरई (जालौन) डकोर ब्लॉक के ग्राम जैसारी कलां में अमर शहीद धर्मपाल लोधी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से जैसारी कलां में बनने वाले अमर शहीद धर्मपाल लोधी स्मृति द्वार का भूमि पूजन केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा की मौजूदगी में विधि-विधान से किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल रहा और लोगों ने अमर शहीद धर्मपाल लोधी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री भानुप्रताप वर्मा, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विला दीक्षित, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, रामअवतार राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामजी राजपूत, अजीत राजपूत, मुकेश राजपूत, सुभाष उदय पिंडारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने अमर शहीद धर्मपाल लोधी को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीद हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनकी स्मृति में बनने वाला स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को शहीद के त्याग, साहस और देशभक्ति की याद दिलाता रहेगा।
भूमि पूजन के दौरान मौजूद लोगों ने भारत माता की जय और अमर शहीद धर्मपाल लोधी अमर रहें के जयघोष लगाए। पूर्व सैनिकों ने भी शहीद के बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। स्मृति द्वार के भूमि पूजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी और गौरव का माहौल देखने को मिला।
