जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन वुधवार को धर्म नगरी कालपी में भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पावन पर्व श्रद्धा तथा उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर विशेष भोग लगाया तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया। यमुना नदी के किनारे बांके बिहारी धाम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव तथा भक्तों की ओर से आयोजित भंडारे में भारी संख्या में नागरिकों तथा श्रद्धालुओ ने हिस्सा लिया।
छठी पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें नए वस्त्र पहनाए और पालने में विराजमान कर झूला झुलाया। मंदिरों में विशेष श्रृंगार के साथ पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने संकीर्तन और भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बिहारी धाम में आयोजित कार्यक्रम में कथा वाचक राम श्याम – महाराज, बनखंडी धाम के महंत जमुनादास महाराज, पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव,जय खत्री, राजेश पुरवार, अशोक पुरवार, रविंद्र पुरवार मेडिकल , सभासदों आमजन ने छठी के भंडारे का आनन्द लिया।भगवान श्रीकृष्ण को कढ़ी-चावल सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग लगाया गया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर शाम को भजन संध्या और भंडारे का भी आयोजन हुआ। पूरे क्षेत्र में दिनभर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजते रहे।
