जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम मुसमरिया में तेज रफ्तार वाहन से कीचड़ उछालने का विरोध करने पर युवक के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट किए जाने व कुल्हाड़ी से हमला करने पर वादी की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बिबेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त ग्राम मुसमरिया निवासी वादी गोविंद सिंह उर्फ बल्लू पुत्र समरथ सिंह ने पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराते हुए अवगत कराया है कि 8 सितंबर की शाम करीब चार बजे वह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गांव के आरोपी पंकज तेज रफ्तार में वाहन लेकर वहां से निकला, जिससे उसके कपड़ों पर कीचड़ उछल गया।
वादी ने वाहन धीमे चलाने और कीचड़ उछालने पर आपत्ति जताई तो आरोपी पंकज नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। वादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उक्त प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र को सौंपी गई है।
