Loading market...

बच्चों के भरोसे खुल रहा विद्यालय? दशहरी स्कूल में शिक्षकों की लेटलतीफी के आरोप

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी (जालौन) कदौरा ब्लॉक के दशहरी गांव स्थित कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों की कथित अनियमित उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में कुछ शिक्षक निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते हैं। आरोप है कि कुछ शिक्षक सुबह करीब नौ बजे तो कुछ 10 बजे तक विद्यालय पहुंचते हैं। इससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार बच्चों को ही विद्यालय की चाबी सौंपकर शिक्षक चले जाते हैं। यदि ग्रामीणों के ये आरोप सही पाए जाते हैं तो नौनिहालों की सुरक्षा और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

ग्रामीणों ने शिक्षक केशवनन्द, रवि समेत एक महिला शिक्षिका की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं की स्थिति कोई एक दिन की नहीं, बल्कि काफी समय से बनी हुई है।

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर विद्यालय का निरीक्षण कराने तथा शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

Leave a Reply