जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन बार संघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब कोतवाली कालपी पुलिस छठवें आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।
नवांगतुक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस प्रशासन के जवानों ने पूरी टीम भावना के साथ काम किया। सभी पुलिसकर्मियों के सामूहिक प्रयास से घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी राजेश कमल के मुताबिक अधिवक्ता हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस मजबूत साक्ष्य संकलित कर प्रभावी पैरवी करेगी। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू को गंभीरता से लेते हुए विवेचना की जा रही है।
विदित हो कि 31 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की निर्मम हत्या की घटना से कालपी क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं हत्या की सुपारी लेने के मामले में बताए जा रहे आरोपी मोनू के पिता अजय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
फोटो – क्षेत्राधिकारी राजेश कमल।
