Loading market...

यमुना नदी के बिहारी घाट पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गंगा उत्सव

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन बीती शाम को जिलाधिकारी समीर वर्मा के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति जालौन के तत्वावधान में कालपी स्थित यमुना नदी के बिहारी घाट में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ गंगा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।

 

बिहारी घाट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कालपी अरविंद यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला गंगा समिति के परियोजना अधिकारी मोहित दौदौरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी उरई रवि मोहन कटियार, उप प्रभागीय वनाधिकारी कोंच सुबोध शुक्ला, वन दरोगाओं अजीत कुमार, वर्षा सिंह, वन रक्षक नरेंद्र सिंह एवं अपर्णा सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।यमुना तट पर गंगा आरती एवं दीपदान का हुआ आयोजन भी हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कालपी स्थित यमुना नदी के बिहारी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान दीपोत्सव एवं दीपदान कार्यक्रम में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हर-हर गंगे एवं नमामि गंगे के जयघोष से घाट का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी उरई रवि मोहन कटियार ने अपने सम्बोधन में कहा कि गंगा नदी हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत होने के साथ-साथ जीवनदायिनी भी है। गंगा सहित सभी नदियों की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा उनके प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति मोहित दोदोरिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए स्वच्छता केवल एक दिवस का अभियान न होकर निरंतर चलने वाली सामाजिक प्रक्रिया होनी चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नदी संरक्षण में सहयोग करे, तो हमारा जनपद एवं देश स्वच्छ, सुंदर और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगा।

 

फोटो – किला घाट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोग

Leave a Reply