जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन) गुरुवार को नगर पालिका परिषद कालपी के सभागार में नगर पालिका बोर्ड की बैठक अध्यक्ष अरविंद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर के विकास, आय-व्यय, सुरक्षा व्यवस्था और राजस्व बढ़ाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सभासदों की मौजूदगी में सात प्रस्तावों को विचार-विमर्श के बाद पारित किया गया।
पालिका के सभागार में अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील बैठक में वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित आय-व्यय (बजट) से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा मार्च, अप्रैल, मई, जून, जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2026 तक नगर पालिका परिषद की मासिक आय-व्यय का लेखा भी सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक में भवन निर्माण के नक्शों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं नगर पालिका क्षेत्र में व्यावसायिक वाहनों से माल की लोडिंग-अनलोडिंग पर प्रचलित नियमों के अनुसार निर्धारित शुल्क वसूलने के प्रस्ताव पर भी चर्चा कर सहमति जताई गई। इससे नगर पालिका की आय बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने की बात सामने आई।
बैठक में नगर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से गाटा संख्या 1409, अदलसराय में वर्ष 2026-27 के अंतर्गत उपवन योजना के तहत उपवन का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इसके साथ ही नगर पालिका परिषद की सेफ सिटी योजना के तहत नगर के प्रमुख 30 स्थानों, जिनमें मुख्य मार्ग, बाजार एवं विद्यालय आदि शामिल हैं, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में अन्य कागजातों एवं प्रस्तावों को भी अध्यक्ष की अनुमति से सदन के समक्ष रखा गया। बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों से नगर के विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने तथा नगर पालिका की आय में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। मीटिंग में एकाउंटेंट हर भूषण सिंह चौहान, अतुल सिंह चौहान, राकेश यादव, रवींद्र वर्मा, कन्हैया मिश्रा, ज्योति विश्वकर्मा, वंदना दीक्षित, सुनील पटवा, धर्मेंद्र पाल, पवन जाटव, विनोद अहिरवार, रियाजउल हक, पप्पू, हरी बाबू गुप्ता, अवनीश अग्रवाल, राजू शेख, निजाम खान, पप्पी यादव आदि शामिल रहे।
फोटो – नगर पालिका की बोर्ड बैठक में शामिल अध्यक्ष व ईओ, सभासद
