अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
उरई (जालौन) मजदूर दिवस के अवसर पर शिवसेना (शिंदे) एनडीए गठबंधन द्वारा इंदिरा स्टेडियम के पास श्रमिकों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों मजदूरों को आमंत्रित कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए गए और उनके अथक परिश्रम को सलाम किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ है, जिनके बिना विकास की कल्पना भी अधूरी है। वक्ताओं ने आश्वासन दिया कि मजदूरों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्षरत रहेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है और प्रगति की राह पर आगे बढ़ाती है।
कार्यक्रम में झांसी मंडल प्रभारी सत्यम सक्सेना, मंडल उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार, जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार आर्य, नगर अध्यक्ष अरविंद राजपूत, नगर उपाध्यक्ष हरी सिंह, डॉ. जगदीश कठेरिया, बूथ अध्यक्ष शिव कुमार पाल, सुनील, राहुल, संजीव वर्मा, अनिल वर्मा, मंगल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सैकड़ों मजदूरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने मजदूरों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का भरोसा दिया।
अंत में संगठन द्वारा सभी मजदूरों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया और सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।
