अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने खनन कार्यों की समीक्षा कर पारदर्शिता एवं राजस्व संरक्षण हेतु दिए सख्त निर्देश - Aaj Tak Media

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने खनन कार्यों की समीक्षा कर पारदर्शिता एवं राजस्व संरक्षण हेतु दिए सख्त निर्देश

जनपद कानपुर देहात
दिनांक – 07 नवम्बर 2025

कानपुर देहात, 07 नवम्बर 2025।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/प्रभारी अधिकारी, खनन अमित कुमार की अध्यक्षता में खनन कार्यों की समीक्षा बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता तथा खनन कार्यों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत खनिज परिवहन प्रपत्रों (Transit Passes) की ऑनलाइन सत्यापन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यदायी संस्थाएं अपने-अपने ऑनलाइन सत्यापन कार्य को तत्काल पूर्ण करें। किसी भी स्तर पर असत्य या अमान्य (Invalid) पाए जाने वाले प्रपत्रों को नियमानुसार निरस्त करते हुए संबंधित ठेकेदारों के बिलों से कटौती की जाए।

उन्होंने कहा कि खनन विभाग द्वारा निर्धारित लेखा शीर्षक (Revenue Heads) के अंतर्गत राजस्व की वसूली समय से सुनिश्चित की जाए तथा ठेकेदारों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों की नियमित जांच की जाए। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे upmines.updesh.gov.in पोर्टल पर Invalid Quantity एवं Deposit Reports समयबद्ध रूप से अपलोड करें।

अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्माण विभाग, जल निगम, आवास विकास परिषद, पर्यटन विभाग, सहकारी समितियों एवं नगर निकायों को अपने लंबित अभिलेखों को अद्यतन करने और राजस्व हानि से बचाव हेतु पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यदायी संस्थाओं को पारदर्शिता, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा, जिससे जनहित में संचालित खनन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

बैठक में सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, आवास विकास विभाग, जल निगम, पुलिस आवास निगम, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, सहकारी समितियों, नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply