जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया नवीन गल्ला मंडी जालौन का निरीक्षण — किसानों को एमएसपी मूल्य से अधिक उचित मूल्य दिलाने के दिए सख्त निर्देश - Aaj Tak Media

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया नवीन गल्ला मंडी जालौन का निरीक्षण — किसानों को एमएसपी मूल्य से अधिक उचित मूल्य दिलाने के दिए सख्त निर्देश

जनपद जालौन, 08 नवम्बर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा मंडी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने आज नवीन गल्ला मंडी, जालौन का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धान खरीद की स्थिति, मूल्य निर्धारण तथा भुगतान प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की खरीद किसी भी दशा में सरकारी निर्धारित मूल्य (एमएसपी) से कम पर न की जाए। यदि ऐसी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि मंडी परिसर में धान के निर्धारित मूल्य का स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी व्यापारी द्वारा किसानों से कम दर पर खरीद न की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से किसी भी प्रकार की मुद्दत या कटौती नहीं की जानी चाहिए। एसडीएम और मंडी सचिव को निर्देश दिए गए कि मंडी की समस्त गतिविधियों की कड़ी निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का अधिकतम व उचित मूल्य प्राप्त हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन किसानों की फसल प्राकृतिक कारणों या गुणवत्ता में कमी के कारण प्रभावित हुई है, ऐसे मामलों में फसल का परीक्षण कर उपयुक्त मूल्य दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मंडी सचिव, खाद्य विपणन अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों को उपज की बिक्री के एक सप्ताह के भीतर भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं खरीद प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जाम या अव्यवस्था न होने पाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। मंडी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, मूल्य हेराफेरी या लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply