कोंच (जालौन) सीएचसी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर बुधवार दोपहर 12 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से जिलाधिकारी जालौन और चिकित्सा अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने शासन से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
ज्ञापन के अनुसार NHM कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सेवा संबंधी लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन, कार्यावधि, अनुभव एवं वरिष्ठता के आधार पर वेतन वृद्धि, लंबे समय से कार्यरत कर्मियों का नियमितीकरण तथा राज्य आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में समायोजन शामिल है।
इसके अलावा रिक्त पदों को भरने, स्थानांतरण नीति लागू करने तथा EPF, ESI, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई है। आउटसोर्स कर्मियों के समायोजन की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। समिति ने बताया कि 5, 6 और 7 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन के बाद 8 अक्टूबर को लखनऊ में एकत्रीकरण प्रस्तावित है। कर्मचारियों ने मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
