नगर में धूमधाम से निकली श्रीमद् भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा - Aaj Tak Media

नगर में धूमधाम से निकली श्रीमद् भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा

 

अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन

 

एट (जालौन) नगर एट में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।

कलश यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। यात्रा में महिलाएं सिर पर पवित्र कलश धारण कर भक्ति भाव से चल रही थीं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के जयकारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे पूरा माहौल धार्मिक आस्था से सराबोर हो गया।

इस श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक हितेंद्र कृष्ण महाराज के मुखारविंद से किया जाएगा, जिनके प्रवचनों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचेंगे। इस पावन अवसर पर परीक्षित के रूप में अशोक गुप्ता एवं लक्ष्मी गुप्ता मौजूद रहे और विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराया गया।

कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं धर्म, भक्ति और संस्कारों से जुड़ी शिक्षाओं का श्रवण कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

इस धार्मिक आयोजन में नगर एट सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन समिति एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी की गई है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का लाभ लेने की अपील की है।इस मौके पर लक्ष्मी गुप्ता ,अशोक कुमार गुप्ता, दिव्या गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, ज्ञान गुप्ता, सुमित कुमार गुप्ता,अवनी, प्रांजल,अनिक,रियाना, मौलिक, जलज, पूजा बरसैंया (सीए), ओर भी भक्तगण मौजूद रहे।

Leave a Reply