अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने तहसील प्रशासन में राजस्व कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सुचारु ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से तीनों नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्रों का आवंटन कर दिया है। नवांगतुक नायब तहसीलदार प्रिंस बाबू के कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। जिससे लंबित राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।
उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने बताया कि तहसील क्षेत्र के तीनों नायब तहसीलदारों को अलग-अलग क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। मुकेश कुमार को कालपी क्षेत्र, चंद्र मोहन शुक्ला को कदौरा क्षेत्र तथा नवांगतुक नायब तहसीलदार प्रिंस बाबू को चुर्खी क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। समझा जाता है कि बढ़ते राजस्व कार्यों को देखते हुए नायब तहसीलदारों के बीच कार्यों का संतुलित बंटवारा किया गया है। नवांगतुक नायब तहसीलदार प्रिंस बाबू की नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। एसडीएम ने सभी नायब तहसीलदारों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नायब तहसीलदारों के क्षेत्रों के नए आवंटन के बाद तहसील क्षेत्र में राजस्व कार्यों में गति आने और फरियादियों को समय पर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
फोटो – एसडीएम अमित शेखर
