गौशाला में ताले, खेतों में आवारा गौवंश,रात-रात भर फसल की रखवाली कर रहे किसान

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी जालौन

 

कालपी (जालौन)। विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत दहेलखण्ड में आवारा गौवंश किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में गौशाला होने के बावजूद दर्जनों गौवंश खुलेआम खेतों में घूम रहे हैं और किसानों की खून-पसीने की मेहनत को कुछ ही समय में बर्बाद कर दे रहे हैं।

बरसात के मौसम में किसान दिनभर खेतों में मेहनत करने के बाद रात-रात भर फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि थोड़ी देर के लिए भी आंख लग जाए तो आवारा गौवंश खेतों में घुसकर पूरी फसल को नुकसान पहुंचा देते हैं। वहीं, बारिश के दौरान खेतों में जहरीले सांप और बिच्छुओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में किसानों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार उप जिलाधिकारी कालपी और खंड विकास अधिकारी महेवा से शिकायत की जा चुकी है। उनका दावा है कि जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करते हुए तत्काल आवारा गौवंश को गौशाला में पहुंचाने और किसानों को राहत दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब गांव में गौशाला मौजूद है, तो आखिर आवारा गौवंश खुले में क्यों घूम रहे हैं और किसानों की फसल बर्बाद हो रही है।

Leave a Reply