मूंग क्रय केन्द्रों की समीक्षा में डीएम सख्त, किसानों को हर हाल में मिले सुविधा

 

 25 एफपीओ के लिए प्रस्तावित नए मूंग क्रय केन्द्र तत्काल खोलने के निर्देश, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

 

उरई (जालौन) जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में मूंग क्रय केन्द्रों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी मूंग क्रय केन्द्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए। बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 16 मूंग क्रय केन्द्र संचालित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केन्द्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल, तौल, भुगतान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। समीक्षा के दौरान 25 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए नए मूंग क्रय केन्द्र खोले जाने के प्रस्तावों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने उद्यान अधिकारी एवं एआर कोऑपरेटिव को कड़ी फटकार लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित औपचारिकताओं को आज ही पूर्ण कर प्रस्तावित मूंग क्रय केन्द्र तत्काल संचालित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को अपने निकट ही उपज विक्रय की सुविधा उपलब्ध हो सके।जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप मूंग खरीद अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र किसान को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, उप कृषि निदेशक एसके उत्तम, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार, उधान अधिकारी परवेज खान आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply