जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी /जालौन उपभोक्ताओं को नियमानुसार सरकारी खाद्यान्न वितरण की हकीकत परखने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक प्रफुल मिश्रा के नेतृत्व में राजकीय सस्ते गल्ले की दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोटेदारों को उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत कराने तथा निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पूर्ति निरीक्षक प्रफुल मिश्रा ने तहसील क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों की कई उचित दर की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चमारी गांव में जवाहर लाल, चुरखी में संतोष कुमार, उरकरा कला में उषा श्रीवास, हिम्मतपुर में अजय सिंह, देवकली में चंद्रभानु तथा कालपी नगर में प्रदीप कुमार, अशोक पुरवार, संदीप मिश्रा, आशा देवी एवं चंद्रप्रकाश विश्नोई की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
पूर्ति निरीक्षक ने सरकारी खाद्यान्न के स्टॉक का मिलान किया गया तथा वितरण व्यवस्था की जांच की गई। पूर्ति निरीक्षक ने प्रत्येक दुकान पर ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कोटेदारों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का पारदर्शी एवं नियमानुसार वितरण करने तथा दुकान परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
फोटो – दुकान का निरीक्षण करते पूर्ति निरीक्षक प्रफुल मिश्रा
