ग
जिला संवाददाता अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) जनपद के ग्राम पहाड़पुरा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव में स्थित दो बड़े तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा पेयजल टंकी तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव के दोनों तालाबों का वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कराए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल टंकी तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति हेतु भेजा जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पंचायत भवन के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही जनसेवाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने पूछा कि जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य शासकीय सेवाएं समयबद्ध रूप से मिल रही हैं या नहीं। इस पर ग्रामीणों ने एक स्वर में बताया कि पंचायत भवन के माध्यम से अधिकांश छोटे-बड़े कार्य आसानी से संपन्न हो रहे हैं तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित बहुउद्देशीय सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया। परिसर में पर्याप्त खाली स्थान उपलब्ध होने पर उन्होंने वहां नियमित साप्ताहिक बाजार संचालित किए जाने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समिति परिसर में बंद पड़ी दुकानों का नियमानुसार आवंटन कर छोटे उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्थानीय रोजगार के अवसरों का सृजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार ग्रामीण जन मौजूद रहे।
