जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कालपी (जालौन)
कालपी/जालौन तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी एक पेंशनभोगी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 2 लाख 32 हजार रुपए निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना आटा में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी गोविंद नारायण पुत्र गुरुदेव हाल निवासी लखनऊ पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उनकी पेंशन पंजाब नेशनल बैंक की जालौन शाखा स्थित खाते में आती है। और उसी से उनका भरण-पोषण होता है।
पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराते हुये आरोप लगाया है कि बैंक कर्मियों एवं अज्ञात साइबर अपराधियों की मिलीभगत से उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में धनराशि निकाली गई। उन्होंने बताया कि 28 मार्च 2026 को 86 हजार 502 व 29 मार्च 2026 को 96 हजार रुपए तथा 30 मार्च 2026 को 49 हजार 950 रुपए निकाल लिए गए। इस प्रकार कुल 2,लाख 32 हजार 462 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। इस मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने 30 मार्च 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) एवं हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के द्वारा थाना आटा में अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
