ताहरपुर में वृद्ध की संदिग्ध मौत के मामले में सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

 

जिला संवाददाता अमित गुप्ता

कालपी (जालौन)

 

कालपी/ जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहनता से जांच की। इस दौरान उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ताहरपुर निवासी सगनू और जगभान कुशवाहा के मकान पास-पास हैं। दोनों के बीच जानवर बांधने, गोबर फैलने और नाली जाम होने जैसी बातों को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी बीच गत दिनों सगनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक पक्ष ने आरोप लगाया था कि जगभान कुशवाहा ने सगनू के निजी अंग पर प्रहार किया था, जिससे उनकी मौत हुई। सूचना पर कदौरा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।

मंगलवार को क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निजी अंग पर चोट लगने से मृत्यु होने की पुष्टि नहीं हुई है।

सीओ राजेश कमल ने कहा कि मामले के सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

 

फोटो – ग्राम ताहरपुर मे घटनास्थल का निरीक्षण करते क्षेत्राधिकारी राजेश कमल।

Leave a Reply