जिला संवाददाता अमित गुप्ता
उरई जालौन
उरई (जालौन) जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना जालौन के सभागार में आयोजित थाना समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान थाना जालौन में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही विस्तृत निस्तारण सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। थाना समाधान दिवस के दौरान जनपद के समस्त थानों में कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर उन्हें संबंधित स्थलों पर भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से चकरोड, नाली निर्माण, जलभराव एवं बरसात से संबंधित समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और शिकायतकर्ता तथा दूसरे पक्ष को भी समक्ष में बुलाकर प्रकरण का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त किया जाए और उसकी संतुष्टि के उपरांत ही शिकायत को निस्तारित माना जाए।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विरासत, खतौनी में नाम की त्रुटि, हदबंदी एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, एसएचओ आदि मौजूद रहे।
