जिला संवाददाता अमित गुप्ता
कदौरा जालौन
कदौरा/जालौन नई दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ हुई मारपीट, अभद्रता और पुलिसिया उत्पीड़न की घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर ‘डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब’ इकाई कदौरा, ने विरोध दर्ज कराते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर खण्ड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने देश भर में मीडियाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ के गठन की भी पुरजोर वकालत की है।
सौंपे गए ज्ञापन में डिस्ट्रिक प्रेस क्लब कदौरा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह का हमला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा आघात है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से मांग की गई कि नई दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित कराया जाए।समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों, विशेषकर महिला पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, मारपीट या उत्पीड़न की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। देशभर में पत्रकारों को निर्भीक होकर काम करने के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
केंद्र सरकार द्वारा देश स्तर पर ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ का गठन किया जाए, जिसे पत्रकारों के उत्पीड़न संबंधी मामलों पर त्वरित संज्ञान लेने और कार्रवाई की अनुशंसा का अधिकार मिले। समाचार कवरेज के दौरान महिला पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रोटोकॉल और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था लागू की जाए।
डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कदौरा के नगर अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता,चांद खान,राजन सेंगर,अफजाल अहमद आदि पत्रकार प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारों की गरिमा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ज्ञापन के अंत में अनुरोध किया गया कि संबंधित अधिकारी इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उचित दिशा-निर्देश जारी करें और पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की दिशा में प्रभावी पहल करें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अफजल खान, संरक्षक राजन सेंगर, चांद खान ,फैसल खान, पवन शर्मा, अभिषेक कुमार, अमित गुप्ता समेत क्षेत्र के प्रमुख पत्रकार उपस्थित रहे
