जनपद कानपुर देहात
दिनांक : 09 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)
तंबाकू नियंत्रण अभियान की दिलाई शपथ, बैनर पर किए हस्ताक्षर — कहा, “स्वयं भी बचें और दूसरों को भी जागरूक करें”
जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (05 से 31 अक्टूबर 2025) एवं दस्तक अभियान (11 से 31 अक्टूबर 2025) के प्रभावी संचालन हेतु अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। अतः सभी विभागीय अधिकारी मनोयोग, समन्वय और प्राथमिकता के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण से शहरी क्षेत्र तक स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जाए।
“नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की निकासी, मच्छरनाशी व एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार के संभावित मरीजों की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।”
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को शहरी क्षेत्र और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, फॉगिंग व कीटनाशक छिड़काव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संचारी रोग नियंत्रण हेतु स्थापित कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखा जाए तथा प्राप्त कॉल्स पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े व फुल पैंट पहनने हेतु प्रेरित किया जाए और संचारी रोगों से बचाव के उपायों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।
तंबाकू नियंत्रण अभियान का शुभारंभ एवं शपथ ग्रहण
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा 09 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर 60 दिन तक चलने वाले “तंबाकू नियंत्रण अभियान” का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, इसका सेवन न करें” की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर अभियान के तहत बैनर पर हस्ताक्षर कर जनसामान्य को तंबाकू सेवन न करने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा—
“सभी अधिकारी-कर्मचारी स्वयं भी तंबाकू सेवन से बचें और अपने आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।”
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, एसीएमओ डॉ. सुखलाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एमओआईसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
