कदौरा /जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना में भाई–भाई के बटवारे के विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस पर विवाद सुलझाने के बजाय मारपीट और अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे। मामले में वीडियो बनाने वाली महिला प्रियंका पत्नी रविकांत ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बबीना निवासी रविकांत व शशिकांत पुत्रगण महेश के बीच पारिवारिक घर बटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में छोटे भाई शशिकांत और बड़े भाई रविकांत के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान रविकांत ने शशिकांत के साथ मारपीट की, जिस पर शशिकांत ने डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के समक्ष भी विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि रविकांत शराब के नशे में था और उसने पुलिस से भी बहस शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और रविकांत के बीच लिपटाझपटी हो गई। इसी दौरान रविकांत की पत्नी प्रियंका ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
महिला प्रियंका का आरोप है कि पुलिस वर्दी में आए लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसके पति रविकांत के साथ बेरहमी से मारपीट की। साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने जबरन उसके आंचल से मोबाइल फोन निकालकर वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया। हालांकि इससे पहले ही वह वीडियो अपने सगे संबंधियों को भेज चुकी थी।
घटना की सूचना पर पीआरवी पुलिस द्वारा थाना पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रविकांत को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस ने रविकांत का शराब के नशे में शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। महिला प्रियंका ने उचित कार्रवाई न होने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच झगड़े की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। रविकांत पुलिस से भी झगड़ने लगा था, जिस पर उसे थाने लाकर धारा 151 के तहत चालान किया गया है।
