अमित गुप्ता
कालपी जालौन
कालपी,/जालौन शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सदर बाजार कालपी में विधायक निधि योजना के अंतर्गत निर्मित बालिका शौचालय एवं बाथरूम का प्रयागराज-झांसी शिक्षक खंड के विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने छात्राओं की सुविधाओं के विस्तार को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बाबूलाल तिवारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्यप्रणाली, उसके सेवा कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ समाज में अनुशासन, सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य करता है। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी बल दिया। समारोह में विधान भारती के संगठन मंत्री रजनेश पाठक ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में आर एस एस तथा विधा भारती तेजी से काम कर रही है।समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने विद्यालय में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष रमेश तिवारी, प्रबंधक हरिभूषण सिंह चौहान एवं प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. अरुणेश वाजपेई, राज योगिनी रजनी पाल, भारत सिंह यादव, केदार भारद्वाज, शिवम, शुभम मिश्रा, ऊषा शुक्ला, अंकित सिंह, ठक्कर बापा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार, सुरेश उपाध्याय, बब्बन ठाकुर सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो -, लोकार्पण समारोह में शामिल लोग
