कोंच (जालौन) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में गांव के पूर्व प्रधान विजय विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया। मारपीट का वीडियो बुधवार सुबह 9 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था
पूर्व प्रधान विजय विक्रम सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को वह अपने घर से मंदिर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही हरीमोहन, रजनेश, रामनरेश और प्रदीप पुत्रगण चित्तर सिंह ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह घायल हो गए।
विजय विक्रम के मुताबिक, चीख-पुकार सुनकर उनकी मां ज्ञान देवी और पत्नी मोहिनी उन्हें बचाने मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पुलिस ने पूर्व प्रधान की तहरीर के आधार पर चारों सगे भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
