Loading market...

आम रास्ते के कब्ज़े को पालिका एवं पुलिस ने मौके पर पहुचकर ढहाया

 

कोंच (जालौन) नगर के मोहल्ला प्रताप नगर में आम रास्ते पर घर के सामने पक्का रैंप बनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया मोहल्लेवासियों ने रैंप निर्माण पर आपत्ति जताई तो आरोप है कि संबंधित व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। मामले की शिकायत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से की गई, जिसके बाद पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आम रास्ते से रैंप हटवा दिया। बताया गया कि प्रताप नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल बेदी द्वारा अपने मकान के सामने आम रास्ते पर पक्का रैंप बनाकर रास्ते पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया। मोहल्लेवासियों का कहना था कि रैंप बनने से लोगों के आवागमन के साथ ही वाहनों को घरों तक लाने-ले जाने में परेशानी हो रही थी। इसको लेकर मोहल्ले के संजय, विनोद, राकेश, ऋषभ, नंदा, बंटी, लला सहित अन्य लोगों ने रैंप निर्माण पर आपत्ति जताते हुए इसे हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने मामले की सूचना नगर पालिका प्रशासन को दी। शिकायत की जानकारी मिलते ही ईओ मोनिका उमराव ने तत्काल पालिका कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर आम रास्ते पर बनाए गए रैंप को तुड़वाकर रास्ते से अतिक्रमण हटवा दिया। ईओ मोनिका उमराव ने कहा कि नगर पालिका की भूमि अथवा सार्वजनिक रास्ते पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति पालिका की भूमि पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply