अखिलेश कुमार जिला ब्यूरो जालौन
उरई (जालौन) 1 अप्रैल 2026।जनपद जालौन को आज नया पुलिस नेतृत्व मिल गया, जब नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके आगमन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदभार संभालने के तुरंत बाद एसपी सिंह ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करे और हर शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि जनता का भरोसा और मजबूत हो सके।
नवागत पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने से जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
