Loading market...

महिला ने घर में घुसकर अभद्रता करने और कपड़े फाड़ने का लगाया आरोप

 

कोंच (जालौन) कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तुमरा में एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। महिला ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम तुमरा निवासी रेखा दोहरे पत्नी आलोक दोहरे ने बताया कि उसके सास-ससुर दोनों दृष्टिबाधित हैं। उसका पति मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। पीड़िता का आरोप है कि 11 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसका पति मजदूरी करने गया हुआ था। इसी दौरान गांव का राघवेंद्र व्यास पुत्र विश्वनाथ व्यास कथित तौर पर उसके घर में घुस आया।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसे जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया गया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती और मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिए।

 

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, महिला को बचाया

शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर मोहल्ले की उषा पाल पत्नी अरविंद पाल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी जाते समय उसे और उसके परिवार के किसी सदस्य को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़िता ने कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। महिला ने पुलिस से अपनी इज्जत और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply