अध जले शव की हुई शिनाख्त, प्रेमिका समेत कई पर मुकदमा - Aaj Tak Media

अध जले शव की हुई शिनाख्त, प्रेमिका समेत कई पर मुकदमा

 

कोंच (जालौन) कैलिया थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खंदक में मिले जले शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली है। मृतक की पहचान लहार धनौरी निवासी 24 वर्षीय अमित के रूप में हुई है, जिसकी पहचान उसके पिता ने की।

बताया गया कि रेंढर थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार कई वर्षों से अपने ताऊ के यहां लहार में रह रहा था। उसका अपने पैतृक गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले वर्ष युवती की शादी कैलिया गांव में हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच संबंध बने रहे।

घटना के दिन अमित अपने एक मित्र के साथ बाइक से कैलिया गांव पहुंचा था, जहां वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया। उसका मित्र गांव के एक मैदान में बाइक लेकर इंतजार करता रहा, लेकिन करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी अमित वापस नहीं लौटा। चिंतित मित्र ने गांव में तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह वापस लौटकर परिजनों को सूचना दी।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेमिका के घर में ही अमित की निर्मम हत्या की गई। आरोप है कि पहले उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बाइक से ले जाकर काली नरिया के पास खंदक में फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर जला दिया गया। घटना स्थल के पास स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को बोतल में पेट्रोल ले जाते हुए देखा गया है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर महिला शीतला, उसके पति कुलदीप व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply