उरई(जालौन) जनपद में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दयानंद वैदिक कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था एवं प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक केंद्र पर पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त न किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, इसके लिए सभी नामित मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, साथ ही परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित रहे तथा प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा की गरिमा बनाए रखें। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जो लगातार निगरानी बनाए हुए थे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय रहा।
