ब्लॉक प्रमुख का शपथ ग्रहण टलने से जनता में असमंजस, विकास कार्य प्रभावित

Sep 6, 2024 - 18:20
 0  112
ब्लॉक प्रमुख का शपथ ग्रहण टलने से जनता में असमंजस, विकास कार्य प्रभावित

अमित गुप्ता 

माधौगढ़ जालौन 

माधौगढ़ (जालौन) जनपद जालौन के माधौगढ़ ब्लॉक प्रमुख के उपचुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अधिकृत प्रत्याशी मोहित दोहरे को निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुना गया। तमाम खींचतान और राजनीतिक उठापटक के बाद यह उपचुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, लेकिन अब लगभग दो हफ्ते बीतने के बावजूद नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित नहीं हो पाया है। इस देरी ने क्षेत्र की जनता के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों में चिंता इस बात को लेकर है कि चुनाव के परिणाम आने के बाद भी शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान न होना, सरकार और प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े करता है। जनता का मानना है कि यह ढुलमुल रवैया कहीं न कहीं माधौगढ़ ब्लॉक के विकास कार्यों को प्रभावित कर रहा है। ब्लॉक के प्रशासनिक कामकाज में ठहराव आ गया है और लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। 

नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख मोहित दोहरे को महज डेढ़ साल का कार्यकाल मिला है, जिसमें उन्हें न केवल जनता का विश्वास जीतना है, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति देनी है। ऐसे में शपथ ग्रहण की देरी से उनके कार्यकाल की शुरुआत में ही बाधाएं आ रही हैं। विकास कार्य ठप पड़े हैं, और क्षेत्र के लोग प्रशासनिक सेवाओं में हो रही देरी से परेशान हैं।

जनता का यह भी कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो ब्लॉक के विकास कार्यों को बड़ी क्षति हो सकती है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही शपथ ग्रहण की तारीख तय कर दी जाएगी ताकि ब्लॉक के कामकाज सामान्य रूप से फिर से शुरू हो सकें और मोहित दोहरे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow