शिक्षक - साहित्यकार सम्मान समारोह में विशिष्ट हस्तियों को किया गया सम्मानित

Sep 4, 2024 - 16:25
 0  34
शिक्षक - साहित्यकार सम्मान समारोह में विशिष्ट हस्तियों को किया गया सम्मानित

वीरेंद्र सिंह सेंगर 

इटावा। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा इटावा एवं साहित्यिक संस्था पहल के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक-साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सह ज़िला विद्यालय निरीक्षक डॉ मुकेश, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ ग़ज़लकार अशोक यादव के हाथों से वयोवृद्ध शिक्षक और 19 पुस्तकों का प्रणयन करने वाले वरिष्ठ साहित्यकार सुदामा लाल पाल को नेम सिंह रमन-ओम प्रकाश दीक्षित स्मृति शिक्षक-साहित्यकार सम्मान-२०२४ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत तरीक़े से माँ वाणी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तदुपरान्त उ प्र साहित्य सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और जनपद संयोजक राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त शिक्षक डॉ राजीव राज ने विस्तार पूर्वक सभा के उद्देश्यों और सम्मानित होने वाले शिक्षक सुदामा लाल पाल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। हिंदी साहित्य उद्भट मनीषी डॉ कुश चतुर्वेदी ने इटावा के गौरवमयी साहित्यिक इतिहास पर चर्चा करते हुए आंचलिक शिक्षक/ साहित्यकारों का सम्मान नैतिक मूल्यों और संस्कारों के संवर्द्धन हेतु आवश्यक बताया। विशिष्ट अतिथि अशोक यादव जी ने बेटियों पर ग़ज़ल प्रस्तुत की। वरिष्ठ साहित्यकार विजय सिंह पाल के ओजस्वी काव्यपाठ ने वातावरण को अनूठी स्फूर्ति से भर दिया। मुख्य अतिथि डॉ मुकेश ने कहा कि शिक्षक सम्मान सही मायनों में मानवीय मूल्यों और सिद्धांतों का सम्मान होता है। ऐसे कार्यक्रम आने वाली पीढ़ी में संस्कारों का बीजारोपण करते हैं। साहित्य सभा के अध्यक्ष अनुराग मिश्र असफल ने सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रौनक़ इटावी, महासचिव हरिओम सिंह “विमल” और कोषाध्यक्ष भगवान दास शर्मा “प्रशांत” सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम जी , डॉ बालमुकुंद दिवाकर जी, गोविन्द माधव शुक्ल, पंचायत राज महाविद्यालय के प्रो० रमाकांत राय, प्रधानाचार्य पूरन पाल, एकजुट शिक्षक संघ के अध्यक्ष रणविजय , सुखराम आदिवंशी, लक्ष्मीकान्त शर्मा, लोकप्रिय कवि रोहित चौधरी, राज़दा ख़ातून, रजनीश त्रिपाठी, अमित कुमार, नूतन अवस्थी, पंकज कुमार⁠, सत्यदेव ‘आज़ाद’, रेनू बाथम, सुश्री प्रतीक्षा चौधरी, सौरभ सक्सेना, श्रीमती राबिया बेगम, डॉ शम्सुद्दीन ‘शम्श’, नदीम अहमद, विशुन सिंह, प्रशांत कुमार, हर्ष और श्रीमती राधा राज की उपस्थिति प्रमुख रूप से उल्लेखनीय रहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow