भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर बी डी ओ प्रतिभा शाल्य निलंबित

उरई,जालौन। जिले के कदौरा ब्लॉक में विकास कार्यों में बड़े स्तर पर धांधली का मामला सामने आया है। इस घोटाले में पूर्व खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रतिभा शाल्या को दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रतिभा शाल्या ने एक ही विकास कार्य को दो बार दर्शाकर भुगतान कराने का प्रयास किया था। यह मामला कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी की शिकायत के बाद सामने आया। विधायक ने इस संदर्भ में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय से शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच की जिम्मेदारी डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह कुशवाह को सौंपी गई, जिनकी रिपोर्ट में प्रतिभा शाल्या को दोषी पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्य को दोबारा दर्शाकर भुगतान कराने की कोशिश की थी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रतिभा शाल्या ब्लॉक कुठौंद और कोंच में विवादों में रही थीं। कदौरा ब्लॉक में हुई इस अनियमितता के कारण उन्हें ग्राम विकास आयुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी ब्लॉकों में विकास कार्यों की गहन समीक्षा के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
What's Your Reaction?






