सर्पदंश से महिला की मौत, घर में पसरा मातम

डकोर,जालौन। डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैसारी कलां में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गजराज कुशवाहा की पत्नी गीता देवी (38) की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना रविवार की देर रात की है। गीता अपनी दो बेटियों अनुष्का और आकांक्षा के साथ घर पर सो रही थी। रात करीब दो बजे एक सांप ने उनकी गर्दन में काट लिया। सांप के काटते ही गीता की हालत बिगड़ने लगी। वह बेहोश हो गई।
परिजनों को जैसे ही जानकारी मिली, वे तुरंत गीता को जिला मेडिकल कॉलेज उरई ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन झांसी ले जाते समय रास्ते में ही गीता ने दम तोड़ दिया। गीता की मौत से परिवार में शोक की लहर है। उनके पति गजराज और दोनों बेटियां बेहद दुखी हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है। डकोर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?






