जल शक्ति मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को बाटी खाद्यान्न सामग्री

Aug 4, 2025 - 19:37
 0  43
जल शक्ति मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को बाटी खाद्यान्न सामग्री

कालपी (जालौन) सोमवार को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने यमुना नदी की बाढ़ की चपेट में आए लोगों को राहत सामग्री किट, भोजन पैकेट तथा दवाइयां का वितरण किया साथ ही अपने हाथों से भोजन परोसकर खिलाया। 

तहसील सभागार में आयोजित बाढ़ राहत खाद्यान्न सामग्री किट के वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने हर समाज की भलाई तथा हितों के लिए लाभकारी योजना चलाई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित सभी लोगों को राहत सामग्री भोजन, दवाइयां आदि उपलब्धता कराई जा रही है। बाढ़ का पानी उतरने के उपरांत उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंदगी को हटाकर स्वच्छता कार्यक्रम चलाया जाए। उन्होंने जरूरतमंदों को आवास, मुफ्त शिक्षा, मुख्य चिकित्सा, मुफ्त खाद्यान्न तथा मुफ्त में बेटियों की शादी आदि योजनाओं का हवाला देते हुए संकल्प दिलाया कि मोदी योगी को ना छोड़ना। उन्होंने कहा कि पहले जनपद में 170 फीट गहराई में पानी निकलता था, लेकिन अब 100 फीट जलस्तर पर पानी उपलब्ध होने लगा है। जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ में की गई व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि बाढ़ के दौरान किसी भी तरीके की जनहानि या धन हानि नहीं हुई है। प्रभारी मंत्री होने की वजह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बराबर जनपद में कैंप कर रहा हूं, अगर किसी को कोई समस्या उत्पन्न होती है तो वह तुरंत अवगत कराए। विधायक विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि मध्य प्रदेश तथा राजस्थान में ज्यादा बरसात होने का असर हर साल कालपी की यमुना नदी मे बाढ़ आ रही है। उन्होंने नदी के किनारे निचले स्थान पर रहने वाले लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्र में बसने की अपील करते हुए कहा कि इसके लिए योजना तैयार कराई जाएगी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कराई गई व्यवस्थाओं के बारे में बिंदुबार तरीके से जानकारियां दी तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर मदद पहुंचाई जा रही है।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीएन शर्मा, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव, अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र नाथ भारती, एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, संजीव उपाध्याय के अलावा सभासदों, प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow