रोडवेज बसें कालपी के सर्विस लेन से ना निकालने से यात्री परेशान

May 7, 2024 - 18:20
 0  60
रोडवेज बसें कालपी के सर्विस लेन से ना निकालने से यात्री परेशान

जिला संवाददाता

अमित गुप्ता

कालपी(जालौन) परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों की हीलाहवाली का खामयाजा कालपी नगर के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। रोडवेज बसें कालपी नगर से गुजरने वाली सर्विस लेन सड़क से न हो करके सीधे ओवरब्रिज से फर्राटा भरते हुए गुजर जाती हैं। तीन वर्षों से उठ रही नगरवासियों की उक्त समस्या पर माननीय के द्वारा ध्यान न देने पर अब मतदाताओं के बीच चर्चा होने लगी है।

विदित हो कि राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कालपी नगर में पौने दो किमी. बाईपास मार्ग तथा दोनों तरफ सर्विसलेन मार्ग बनाया गया था। जबकि करीब 1 किमी. लंबा फोरलेन ओवरब्रिज भी बनाया गया था। लखनऊ, कानपुर, उरई, झांसी, आगरा, इटावा आदि की रोडवेज बसें कालपी से होकर गुजरती हैं। यात्रियों के उतरने व चढ़ने के लिए ओवरब्रिज के दोनों छोरों को पॉइंट बना दिया गया है। एक यमुना नदी के पुल के पास दुर्गा मंदिर चौराहा तथा दूसरा खानकाह शरीफ के आगे अमलतास तिराहा को रोडवेज बसों के चालको ने उतरने चढ़ने का प्वाइंट बना दिया हैं। नरेंद्र कुमार तिवारी, रवींद्र नाथ गुप्ता, यतेंद्र रजावत, रहीस यादव, नारायण द्विवेदी, आशु ठाकुर, इं. पुष्पेंद्र सिंह सेंगर, नितिन शर्मा आदि ने बताया कि इन दोनों छोर में रोडवेज बसों के ठहराव पर छाया के इंतजाम नहीं है। चिल्लाती धूप, लू-लपट में खुले आसमान के नीचे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा यात्रियों को खड़ा रहकर अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए बसों की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। नगर पालिका की ओर से जो यात्री प्रतीक्षालय बनाए गए हैं वह काफी दूर है। इस संबंध में परिवहन निगम के अधिकारियों से कई बार मांग उठाई। लेकिन एक-दो दिन तो सर्विस लेन से बसें निकाली लेकिन बस चालको का फिर से वही रवैया अपना लिया। उक्त समस्या से आजिज आकर नगरवासियों ने कई बार शिकायत भी की लेकिन परिवहन निगम के मनमाने रवैये के कारण नगरवासियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इसलिए इस मुद्दे को लेकर नगर में अब फिर से चर्चाएं होने लगी हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow